नदी नालों की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम अलर्ट
देहरादून शहर की दो प्रमुख नदियां – रिस्पना और बिंदाल – अब पहले से ज्यादा निगरानी में हैं। इन नदियों और आसपास के सीजनल नालों-खालों में गंदगी और कूड़ा डालने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त नमामि बंसल ने साफ किया कि जो भी व्यक्ति नदियों या नालों में कूड़ा डालते हुए पकड़ा जाएगा, उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम द्वारा सफाई अभियान जोरों पर है। पहले से मौजूद कूड़े को जेसीबी और मैनपावर की मदद से तेजी से हटाया जा रहा है। वहीं नदियों के किनारे चलित कूड़ा केंद्र बनाए गए हैं ताकि लोग वहीं पर कचरा डालें और नदियों को प्रदूषित न करें।
नगर आयुक्त ने बताया कि पहले जो शिकायतें मिली थीं, उनमें दोषी पाए गए व्यक्तियों पर जुर्माना भी लगाया गया है। उन्होंने कूड़ा उठाने वाली कंपनियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क किनारे या नदियों के पास कचरा डंपिंग की कोई भी घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाइट:
“नदियों और नालों को साफ-सुथरा रखना हमारी जिम्मेदारी है। हम लगातार कार्रवाई कर रहे हैं और लोगों से भी अपील करते हैं कि वे नगर निगम का सहयोग करें।”
— नमामि बंसल, नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून

Leave a Reply