देहरादून।।उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और रामनगर कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को एक बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने 10 हज़ार रुपये के इनामी और लंबे आसमय से फरार चल रहे अपराधी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार कर लिया। गुरप्रीत पर उत्तराखंड और पंजाब में हत्या, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 6 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2016 में रुद्रपुर में छोटे लाल नामक प्रधान की दिनदहाड़े कॉन्ट्रैक्ट किलिंग में वह शामिल था। इसके बाद 2017 में रामनगर में पुलिस पार्टी पर फायरिंग की थी, जब उसे चेकिंग के दौरान रोका गया था। गिरफ्तारी के बाद वह जमानत पर छूट गया और फिर विदेश फरार हो गया।
उत्तराखंड और पंजाब के चार न्यायालयों द्वारा गुरप्रीत को भगोड़ा घोषित किया जा चुका था। उसकी गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा STF को विशेष निर्देश दिए गए थे। STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक आर.बी. चमोला की निगरानी में एक विशेष टीम बनाई गई थी।शुक्रवार दोपहर STF को सूचना मिली कि गुरप्रीत रामनगर क्षेत्र में छिपा है। तुरंत रामनगर पुलिस के साथ मिलकर ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया गया और नाकेबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तारी के बाद गुरप्रीत को कोतवाली रामनगर में दाखिल किया गया है और संबंधित थानों को सूचना दे दी गई है। इस कार्रवाई में STF और कोतवाली रामनगर की कुल 11 पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस अब उससे जुड़े गिरोह और विदेश भागने के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply